बैंकिंग, बीमा, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मिलेगा लाभ
अमित कुमार
हरिद्वार। वित्तीय सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा वित्तीय समावेशन को पूर्ण संतृप्ति तक ले जाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 15 जून 2026 को गणपति फार्म, बहादराबाद में वित्तीय समावेशन संतृप्ति मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। मेगा कैंप में पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) हरिद्वार दिनेश गुप्ता, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा बैंक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कैंप का मुख्य उद्देश्य वित्तीय समावेशन से वंचित व्यक्तियों को बैंकिंग सेवाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), अटल पेंशन योजना (एपीवाई) सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा शिविर में मौके पर ही री-केवाईसी (Re-KYC), सी-केवाईसी (CKYC) और नामांकन (Nomination) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिन खाताधारकों ने अभी तक अपने खातों में नामांकन नहीं कराया है, उन्हें नामांकन की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही निष्क्रिय (इनऑपरेटिव) खातों को पुनः सक्रिय करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। मेगा कैंप के दौरान आमजन को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक किया जाएगा, जिससे वे सुरक्षित और सशक्त बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकें। पंजाब नेशनल बैंक एवं लीड बैंक कार्यालय हरिद्वार ने क्षेत्र की समस्त जनता, विशेषकर ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेगा कैंप में भाग लें, उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा वित्तीय रूप से सशक्त बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।











Leave a Reply