विशाल
हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक रहे सुरेश राठौड़ को रविवार को दून पुलिस अपने साथ ले गई, जिन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ अपने बुग्गावाला स्थित कैंप कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान सादे कपड़ों में कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने उन्हें बुलाया है। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें अपने साथ वाहन में बैठाकर डालनवाला थाने ले गए। सुरेश राठौड़ ने बताया कि वह जांच में पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की कोई ऑडियो अथवा वीडियो क्लिप जारी नहीं की है और न ही ऐसा कोई कार्य किया है जिससे जांच प्रभावित हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जांच एजेंसियों के समक्ष सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे और सत्य सामने आएगा। सूत्रों के अनुसार, पुलिस कुछ मामलों में जानकारी एकत्र करने तथा आवश्यक पूछताछ के लिए सुरेश राठौड़ से बातचीत कर रही थी। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। इस अचानक हुई श्री राठौर की गिरफ्तारी वाली घटना के बाद पूर्व विधायक के समर्थकों में हलचल मची हुई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्रवाई को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से संबंधित आवश्यक तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।











Leave a Reply