एम. पारिक
हरिद्वार। बिहार के मुजफ्फरपुर की एक युवती ने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत पत्र देकर पिरान कलियर क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मामले में आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2019 में युवती की मुलाकात पिरान कलियर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। दोनों के बीच परिचय बढ़ने के बाद संबंध स्थापित हुए। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे विभिन्न स्थानों और होटलों में ले जाता था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए गए। आरोप है कि इन वीडियो और तस्वीरों के आधार पर आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा है तथा शिकायत करने या संबंध समाप्त करने पर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है।
युवती ने शिकायत में बताया कि वह अपने परिजनों के साथ आरोपी के गांव पहुंची थी। आरोप है कि वहां युवक और उसके परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की, उसे एक कमरे में बंद कर जबरन समझौते के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए तथा मामला दबाने के लिए धन का प्रलोभन भी दिया। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।











Leave a Reply