सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना समय की आवश्यकता: प्रतुल जोशी

Spread the love

ए. गुप्ता

नैनीताल। उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन एवं लेक सिटी प्रेस क्लब नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में  नैनीताल क्लब सभागार में “सामाजिक सरोकारों के प्रति पत्रकारिता के दायित्व” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए पत्रकारों ने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, सामाजिक दायित्वों तथा संगठनात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।संगोष्ठी के मुख्य वक्ता आकाशवाणी के सेवानिवृत्त निदेशक प्रतुल जोशी ने कहा कि सामाजिक सरोकारों से विमुख होती और सत्ता के प्रभाव में संचालित पत्रकारिता से मीडिया की विश्वसनीयता पर गंभीर खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता की निष्पक्षता और जनपक्षधरता को बनाए रखने पर जोर दिया। स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार राजशेखर पंत ने समाज के प्रति पत्रकारों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को दिशा देने का भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद आयोजित यह संगोष्ठी वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है।  उन्होंने बताया कि यूनियन निकट भविष्य में विभिन्न जिलों में इस प्रकार की संगोष्ठियों और बैठकों का आयोजन करेगी। यूनियन के महासचिव प्रयाग पांडे ने अल्प समय की सूचना के बावजूद प्रदेश भर से पहुंचे पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।  वहीं यूनियन के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार गणेश पाठक ने संगोष्ठी का आधार वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पत्रकारिता के क्षेत्र में 50 वर्ष की उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘नैनीताल समाचार’ के संपादक राजीव लोचन साह का सम्मान रहा। हल्द्वानी के पत्रकार जगमोहन रौतेला ने सम्मान पत्र का वाचन किया।

इसके बाद प्रतुल जोशी, राजशेखर पंत, अरुण शर्मा, प्रयाग पांडे, अविक्षित रमन, डॉ. रजनीकांत शुक्ला तथा नैनीताल प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने राजीव लोचन साह को शॉल ओढ़ाकर, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद राजीव लोचन साह ने उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन एवं नैनीताल प्रेस क्लब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन के कई महत्वपूर्ण संस्मरण साझा करते हुए जनांदोलनों के दौरान की गई पत्रकारिता के अनुभवों पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी का संचालन प्रदेश सचिव डॉ. विपिन चंद्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत शुक्ला ने दिया। दूसरे सत्र में उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनियन की गतिविधियों, जिला इकाइयों के सुदृढ़ीकरण, सदस्यता शुल्क, रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों तथा स्मारिका प्रकाशन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने संगठन की स्थिति और पत्रकारों की समस्याओं को भी रखा। राज्य विज्ञापन समिति के सदस्य भरत साह ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक में सर्वसम्मति से अंकुर शर्मा को उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का नैनीताल जिलाध्यक्ष तथा प्रकाश जोशी को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया। दोनों पदाधिकारियों से शीघ्र जिला कार्यकारिणी का विस्तार करने का अनुरोध किया गया। अंकुर शर्मा ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. पांडे, भगवान सिंह गंगोला, नैनीताल प्रेस क्लब अध्यक्ष माधव पालीवाल, महासचिव संजय नागपाल, बी.सी. भट्ट, राजेंद्र तिवारी, मुकेश जोशी, राकेश विजल्वाण, रमन जायसवाल, हरिद्वार के महासचिव अमित कुमार गुप्ता, मीडिया प्रभारी सुमित तिवारी, रमेश चंद्रा, जगमोहन बिष्ट, दयानंद कठैत, राजू पांडे, विनोद कुमार, इन्द्र नेगी, हिमानी रौतेला, अरुण साह सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से से आये 125 से अधिक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *