मानसून में जर्जर भवनों से रहें दूर, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश—पुराने भवनों का सर्वे कर सील करें अधिकारी, लाउडस्पीकर से करें जनजागरूकता

एस. गुप्ता

हरिद्वार। मानसून के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मयूर दीक्षित ने जनपद में जर्जर भवनों, क्षतिग्रस्त दीवारों एवं असुरक्षित संरचनाओं को लेकर व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि हाल ही में हरिद्वार एवं चमोली में दीवार गिरने से हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना आवश्यक है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सरकारी एवं निजी भवनों, पुरानी दीवारों और अन्य जर्जर संरचनाओं के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर भवनों एवं असुरक्षित परिसंपत्तियों का तत्काल सर्वेक्षण कर उन्हें चिन्हित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे भवनों एवं दीवारों को तत्काल सील अथवा बंद कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम (लाउडस्पीकर) के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को वर्षाकाल में पुराने एवं जर्जर भवनों, दीवारों और अन्य असुरक्षित संरचनाओं के समीप जाने या उनमें निवास करने से बचने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यदि कोई विद्यालय या अन्य सार्वजनिक भवन जर्जर अथवा अनुपयोगी स्थिति में पाया जाता है तो उसे तत्काल सील कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी जाए, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अपील की है कि मानसून के दौरान जर्जर भवनों एवं दीवारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि कहीं कोई असुरक्षित भवन या संरचना दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *