कांवड़ मेला तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, 25 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
एस. गुप्ता
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित कई प्रमुख स्थलों का दौरा किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। जहां भी निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजना की भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीवर लाइन निर्माण और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की।
कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी बोले— सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसडीएम योगेश मेहरा, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह सहित प्रशासन, पुलिस और एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply