कारगिल विजय दिवस की तैयारियां तेज, 26 जुलाई को गरिमामय आयोजन के निर्देश

Spread the love

एडीएम जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान पर रहेगा विशेष फोकस

विशाल

हरिद्वार। आगामी 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।

बैठक में कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के आवागमन, शहीदों को श्रद्धांजलि, गार्ड ऑफ ऑनर, एनसीसी कैडेट्स की तैनाती, अतिथियों के स्वागत, जलपान और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों में होंगी देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताएं

बैठक में निर्णय लिया गया कि कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में निबंध, भाषण, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना विकसित की जाएगी। इसके अलावा 26 जुलाई से पूर्व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित करने तथा कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी डॉ. सरिता पंवार ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए सभी विभागों से समय पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस अवसर पर सीओ सदर एसपी बलूनी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, शिक्षा विभाग से गणेश सकलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *