मारपीट और धमकी का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

प्रेस क्लब में बोले मनोज गिरी— सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हो कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे पुलिस

एस. गुप्ता

हरिद्वार। खड़खड़ी निवासी मनोज गिरी ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर एक व्यक्ति और उसके साथियों पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।मनोज गिरी ने बताया कि 8 जुलाई की रात अजय गिरी और उसके कुछ साथी उनकी दुकान पर पहुंचे और उनके नाबालिग पुत्र तथा पत्नी के साथ कथित रूप से मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के जाने के बाद अजय गिरी अपने साथियों के साथ दोबारा आया और फिर से मारपीट की। मनोज गिरी का कहना है कि सोशल मीडिया पर राम मंदिर चंदा चोरी से संबंधित एक पोस्ट पर टिप्पणी करने के बाद से उनका परिवार लगातार धमकियों का सामना कर रहा है। मनोज गिरी ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके और उनके नाबालिग पुत्र के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। उन्होंने कहा कि दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड है और पुलिस फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने ला सकती है। पत्रकार वार्ता के दौरान उनके पुत्र प्रथम गिरी ने भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति असामाजिक तत्वों के साथ रहता है और क्षेत्र में आए दिन विवाद करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *