हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर सबसे बड़ी कार्रवाई

Spread the love

खड़खड़ी के गोदाम से 5,000 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, संचालक पर ₹1 लाख का चालान

अमित गुप्ता

हरिद्वार। हरिद्वार में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालक नानक चंद पर ₹1 लाख का चालान भी किया गया। नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छोटे दुकानदारों और विक्रेताओं को खड़खड़ी स्थित इस गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही है। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यावरण प्रदूषण और कचरे का बड़ा कारण बन रही थी। शिकायतों के आधार पर नगर निगम ने गोदाम पर निगरानी रखी हुई थी। पुख्ता सूचना मिलने पर मंगलवार को नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैरागी धर्मशाला के सामने स्थित गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

नगर निगम का सख्त संदेश

नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद नगर निगम ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *