अमित गुप्ता
हरिद्वार। उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर वन विभाग द्वारा नगर वन देवपुर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा प्रत्येक परिवार से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में वृक्ष, नदियां, पर्वत और वन सदैव पूजनीय रहे हैं।
यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो मानव जीवन भी सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध रहेगा। सतपाल महाराज ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में हरेला जैसे जन-जागरूकता अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, हिमालय, घने वन, पवित्र नदियां और समृद्ध जैव विविधता राज्य की पहचान होने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का प्रमुख आधार भी हैं।उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से देश-विदेश के श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ, हरित और सुंदर वातावरण मिले, इसके लिए पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हरित हरिद्वार अभियान के तहत हरेला पर्व पर जनपद में 30 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने भी हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति संरक्षण की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। उन्होंने लोगों से वट, पीपल और नीम जैसे अधिक ऑक्सीजन देने वाले वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वन विभाग की एसडीओ पूनम कैंथोला ने किया। इस अवसर पर नगर निगम की मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, भाजपा नेता लव शर्मा, आशु चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मुख्य वन संरक्षक सुरेंद्र मेहरा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












Leave a Reply