कांवड़ मेले की तैयारियों का मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने लिया जायजा, अधिकारियों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के दिये निर्देश

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मंडल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला उत्तर भारत के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है और इसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। आनंद स्वरूप ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडल आयुक्त को कांवड़ मेले के मद्देनजर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *