एम. पारिक
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.55 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एंडेवर कार, एक आईफोन 17 प्रो मैक्स और कथित तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका बरामद किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई के संबंध में पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई की रात थाना श्यामपुर क्षेत्र में हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार से 4.60 लाख रुपये की ठगी की शिकायत मिली थी। आरोपियों ने पीड़ित को चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने का झांसा देकर नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी “AGHORA” नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीता जाता था। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए लोगों को भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और पारिवारिक समस्याओं के समाधान का झांसा देकर बुलाया जाता और उनसे लाखों रुपये ठग लिए जाते थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने नाकाबंदी, तकनीकी जांच और व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान चिड़ियापुर स्थित माइनिंग चेक पोस्ट के पास से दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अंधविश्वास में फंसाकर ठगी करते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। इस संबंध में जांच जारी है और अन्य मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
– मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित (मूल निवासी मंडावर, बिजनौर, वर्तमान निवासी देहरादून)
– मोन्टी जोशी (निवासी पटेलनगर, देहरादून)
– एक महिला (मूल निवासी थैलीसैंण, पौड़ी गढ़वाल, वर्तमान निवासी तुनुवाला, देहरादून)
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार, भूत-प्रेत या अंधविश्वास के नाम पर धन की मांग करने वाले तथाकथित तांत्रिकों और सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।












Leave a Reply