आरटीओ कार्यालय में ‘ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट’ की शुरुआत, अब QR कोड स्कैन कर मिलेगी परिवहन सेवाओं की जानकारी

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। जनसामान्य को परिवहन विभाग से संबंधित सेवाओं की जानकारी सरल, त्वरित और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय, हरिद्वार में ‘ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट’ की शुरुआत की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर QR कोड युक्त स्टैंड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर नागरिक अपने मोबाइल फोन पर चैटबॉट के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। चैटबॉट के जरिए ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, टैक्स, परमिट, फिटनेस, ग्रीन कार्ड सहित परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित शुल्क और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को बार-बार काउंटर पर जाकर पूछताछ करने की आवश्यकता कम होगी और कार्यालय में पारदर्शिता तथा कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलेगा।इसके साथ ही संभागीय परिवहन कार्यालय में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी संचालित किया जा रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से आवेदक अपने टोकन की वर्तमान स्थिति और संबंधित काउंटर की जानकारी कार्यालय में लगी डिजिटल स्क्रीन पर देख सकेंगे। इससे प्रतीक्षा व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनी है।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार, निखिल शर्मा ने बताया कि नागरिक सेवाओं को अधिक आधुनिक, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आमजन से अपील की कि कार्यालय आने पर QR कोड स्कैन कर चैटबॉट का उपयोग करें और उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है तथा भविष्य में भी तकनीक आधारित सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *