50 वर्षों की पत्रकारिता पूरी करने पर वरिष्ठ पत्रकार गुलशन नैय्यर हुए सम्मानित

Spread the love

प्रेस क्लब की महासभा की बैठक में पत्रकार हितों के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का लिया संकल्प

अमित कुमार

हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित महासभा की बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष गुलशन नैय्यर का मुक्ति मोद के संपादक के रूप में पत्रकारिता के 50 वर्ष पूर्ण करने पर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बृजेन्द्र हर्ष, आदेश त्यागी, सुनील दत्त पांडेय, डॉ. रजनीकांत शुक्ल, दीपक नौटियाल, श्रवण झा, अमित शर्मा, संजय रावल और काशीराम सैनी ने उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा स्वर्णिम पत्रकारिता यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने भी गुलशन नैय्यर को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि प्रेस क्लब सदस्य पत्रकारों की सुविधाओं और हितों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब के विकास में वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहा है और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी प्रेस क्लब महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार गुलशन नैय्यर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन के रूप में निभाया है। पिछले 50 वर्षों से उन्होंने निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और मूल्य आधारित पत्रकारिता की मिसाल कायम की है, जो युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। बैठक में पत्रकार हितों, प्रेस क्लब की गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने पत्रकारों के कल्याण और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *