स्वामी यतीश्वरानंद के आम महोत्सव कार्यक्रम में एक गुट की मौजूदगी, दूसरे की गैरमौजूदगी से सियासी चर्चाएं तेज; आगामी विधानसभा चुनाव पर पड़ सकता है असर
ए. गुप्ता
हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी के बीच भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, लेकिन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और उनके समर्थक गुट की कार्यक्रम से दूरी ने सियासी हलकों में चर्चाओं को हवा दे दी। आम महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने किसानों, बागवानी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम के संयोजक स्वामी यतीश्वरानंद ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए मिशन-2027 के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। हालांकि, कार्यक्रम में मदन कौशिक और उनके समर्थक नेताओं की अनुपस्थिति को लेकर भाजपा के भीतर चल रही कथित गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। राजनीतिक हलकों में लंबे समय से स्वामी यतीश्वरानंद और मदन कौशिक के बीच राजनीतिक मतभेदों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। दोनों नेताओं के समर्थक अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में सक्रिय माने जाते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में एक गुट की सक्रिय मौजूदगी और दूसरे गुट की अनुपस्थिति को लेकर पार्टी के भीतर चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मदन कौशिक की कार्यक्रम से दूरी का आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हरिद्वार भाजपा में गुटीय समीकरण आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हरिद्वार जिले की राजनीति में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं का अपना प्रभाव है और टिकट वितरण से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों तक इन समीकरणों का असर दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यदि पार्टी के भीतर चल रही कथित गुटबाजी समय रहते दूर नहीं हुई तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं की एकजुटता और चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है। वहीं, भाजपा के सामने चुनौती यह भी होगी कि वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन को एकजुट रखा जाए। आम महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर हरिद्वार किरण जैसल, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply