डीजे पर फिल्मी गानों की धुन पर देवी-देवताओं की वेशभूषा में नृत्य न करें: पंडित अधीर कौशिक

Spread the love

कांवड़ियों से नियमों का पालन करने की अपील

अमित गुप्ता

हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने कांवड़ लेने आने वाले श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक मर्यादाओं और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि कांवड़ मेला दुनिया की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है। ऐसे में सभी शिवभक्तों को अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए कांवड़ यात्रा करनी चाहिए। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए घर से निकलते समय बहन से मंगल तिलक करवाएं और बड़ों का आशीर्वाद लेकर यात्रा शुरू करें। जिस उद्देश्य से कांवड़ उठाई है, उसे सदैव स्मरण रखें और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें। उन्होंने कांवड़ियों से अपील की कि डीजे पर फिल्मी गानों की धुन पर देवी-देवताओं की वेशभूषा में नृत्य न करें। कांवड़ यात्रा के दौरान नाश्ता या भोजन करने के बाद हाथ-पैर धोने और धार्मिक आस्था से जुड़ी मर्यादाओं का पालन करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भंडारे में प्रसाद ग्रहण करें तो अपनी सामर्थ्य के अनुसार वहां कुछ न कुछ दान अवश्य करें। पंडित अधीर कौशिक ने धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांवड़ को गुलर के पेड़ के नीचे से न ले जाएं। जलाभिषेक के बाद घर लौटने पर बहन को नेग देने और सत्यनारायण भगवान की कथा कराने की परंपरा का भी पालन करें। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा के नियमों और धार्मिक मर्यादाओं के प्रति जागरूक करने के लिए श्री अखंड परशुराम अखाड़े की ओर से अभियान भी चलाया जाएगा। पत्रकार वार्ता में भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, महंत कीर्ति गिरी, डॉ. दिनेश आचार्य, विष्णु शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *