लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करें, हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं: डॉ. मनीष पंकज मिश्रा

Spread the love

संसद की ओर बढ़ने और कथित हिंसक घटनाओं की निंदा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

पी.के.गुप्ता

गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद (अधिवक्ता) सहित अन्य भाजपा नेताओं ने हाल के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान संसद परिसर की ओर बढ़ने, सुरक्षा बलों के साथ कथित धक्का-मुक्की, पथराव और अराजकता फैलाने की घटनाओं की निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का दायित्व है।        डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने और युवाओं व छात्रों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन इसका स्वरूप शांतिपूर्ण और संविधान की मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस समर्थित तत्वों और असामाजिक लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए। डॉ. मिश्रा ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से लोकतांत्रिक मूल्यों, शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को टकराव की राजनीति से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *