असामाजिक तत्वों पर जबरन बाहर निकालने और वसूली करने का आरोप, पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की मांग
अमित कुमार
हरिद्वार। श्री पंचलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, ग्राम पंचवेली, सुल्तानपुर लक्सर के महंत यति शिवानंद गिरी ने कुछ असामाजिक तत्वों पर मंदिर पर अवैध कब्जा करने और उन्हें जबरन बाहर निकालने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। महंत यति शिवानंद गिरी ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और उन्हें बलपूर्वक मंदिर से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कथित कब्जे के कारण मंदिर में धार्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। साथ ही, उन्होंने मंदिर के नाम पर जबरन वसूली किए जाने का भी आरोप लगाया। महंत ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले को लेकर एसडीएम लक्सर को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, एसडीएम ने मामले में तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित लोग कानूनी प्रक्रिया को चुनौती दे रहे हैं। महंत ने कहा कि उन्हें लगातार जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की। पत्रकारवार्ता में महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी, चौधरी अनुज बेनीवाल, प्रदीप धीमान और श्रीमहंत मोहन गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












Leave a Reply