गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम, स्टार्टअप, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती पर दिया जोर
अमित कुमार
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित राष्ट्र के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं के चेहरे पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का सशक्त केंद्र है, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा के संस्कार भी दिए जाते हैं। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति तथा नई फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया तथा 34 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि स्वरोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए बैंक ऋण प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उन्हें अपने उद्यम शुरू करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विनय यादव ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, नितिन गौतम, देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।











Leave a Reply