अब तक 1.09 करोड़ से अधिक कांवड़िये हरिद्वार से भर चुके हैं पवित्र गंगाजल, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की कड़ी नजर
अमित कुमार
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था का जनसैलाब लगातार उमड़ रहा है। कांवड़ मेले के पांचवें दिन सोमवार को 32 लाख 25 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 9 लाख 10 हजार से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया है।
प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी बनी हुई है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे तैनात रहकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं। जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।












Leave a Reply