‘सिंगल यूज़ प्लास्टिक को नमस्ते’, हरिद्वार की 4 ग्रीन चौकियां बनीं पर्यावरण की प्रहरी

Spread the love

कांवड़ मार्ग पर प्लास्टिक के बदले मुफ्त दिए जा रहे कम्पोस्टेबल ग्रीन बैग, लाखों शिवभक्तों को स्वच्छ और हरित यात्रा का संदेश

अमित कुमार

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने अनूठी पहल करते हुए संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर चार ‘ग्रीन चौकी’ स्थापित की हैं। पुल जटवाड़ा, कांवड़ पटरी प्रेमनगर, ऋषिकुल और सीसीआर चौक पर संचालित इन चौकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। ग्रीन चौकियों पर तैनात नगर निगम के स्वयंसेवक उन श्रद्धालुओं से सिंगल यूज़ प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य प्लास्टिक सामग्री लेकर उसके बदले निःशुल्क कम्पोस्टेबल ग्रीन बैग उपलब्ध करा रहे हैं।

साथ ही उन्हें बताया जा रहा है कि प्लास्टिक का उपयोग गंगा, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए कितना नुकसानदायक है तथा इसके स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाना क्यों आवश्यक है। नगर निगम का कहना है कि यह पहल केवल प्लास्टिक बदलने का अभियान नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का एक व्यापक प्रयास है। ग्रीन चौकियों को ऐसे केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है, जहां लाखों कांवड़ियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया जा रहा है। अभियान से जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया है। कृष्णा नगर वार्ड के पार्षद परमिंदर सिंह गिल ने ग्रीन चौकी का निरीक्षण कर नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय प्रयास बताया।

नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के निर्देशन में संचालित इस अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार सहित नगर निगम की टीम सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं का संचालन कर रही है।नगर निगम को विश्वास है कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान स्थापित ये चार ग्रीन चौकियां सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं तक पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *