जनसुनवाई में डीएम मयूर दीक्षित सख्त, 15 अगस्त तक निपटें लंबित शिकायतें

Spread the love

16 शिकायतें दर्ज, 9 का मौके पर समाधान; CM हेल्पलाइन की 36 दिन से लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

ए. गुप्ता

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 16 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। औरंगाबाद आन्नेकी के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की, जबकि भगवानपुर के एक बुजुर्ग ने तीन माह से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। विरासत दर्ज कराने में देरी, विद्युत कनेक्शन, अवैध खनन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। लापरवाही या अनावश्यक देरी बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी सख्ती

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का हर हाल में 15 अगस्त तक निस्तारण किया जाए। समीक्षा में बताया गया कि एल-1 स्तर पर 348 तथा एल-2 स्तर पर 110 शिकायतें लंबित हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *