आरपीएफ, सीआईबी, सीपीडीएस व जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, 4.415 किलोग्राम अफीम जब्त
पी. के. गुप्ता
गयाजी। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन नारकोश के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गया रेलवे स्टेशन से 4.415 किलोग्राम अफीम बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 22.07 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आज आरपीएफ पोस्ट गया, सीआईबी, सीपीडीएस एवं राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हावड़ा छोर स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के नीचे एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके पास से 4.415 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज मोहन (26 वर्ष), पिता अर्जुन गंझु, निवासी बेलगड़ा, थाना कुदा, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। कार्रवाई की सूचना तत्काल आरपीएफ गया के वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त को दी गई। उनके निर्देश पर सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में आरोपी एवं जब्त अफीम को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (जीआरपी), गयाजी के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक पवन कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर राजकीय रेल थाना, गयाजी में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर को मादक पदार्थों की तस्करी से मुक्त रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन नारकोश के तहत लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी और जांच आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।












Leave a Reply