14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएगी उत्तरांचल पंजाबी महासभा

Spread the love

प्रेम नगर आश्रम में होगा आयोजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि

अमित कुमार

हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन प्रेम नगर आश्रम में किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए लाखों विस्थापित परिवारों के संघर्ष, बलिदान और पीड़ा को श्रद्धांजलि देना है। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा एवं जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देने का भी माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। कोर कमेटी के सदस्य सुनील अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा पूजन एवं दीपदान से होगा। इसके बाद भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि और अरदास अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश विभाजन की वास्तविक पीड़ा और इतिहास से अवगत कराना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। जिला महामंत्री राम अरोड़ा एवं प्रदीप कालरा ने संयुक्त रूप से कहा कि यह आयोजन अपने पुरखों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका आज भी लाखों परिवारों की स्मृतियों में जीवित है और नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित होना चाहिए।समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने कहा कि देश विभाजन के समय धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए लाखों लोगों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर विभाजन विभीषिका से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे लोगों को उस दौर की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी मिल सके। पत्रकार वार्ता में राज ओबराय, प्रमोद पांधी, कमल मनचंदा, नेहा मलिक, रेनू अरोड़ा, आयुषी टंडन, मिनी पुरी, शालू आहूजा, अक्षत कुमार सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *