राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा बोले— निष्पक्ष जांच हो, पारदर्शिता के साथ चले मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया
अमित कुमार
हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान जारी किए जा रहे नोटिसों को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट कारण बताए मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि SIR अभियान को लेकर पूरे प्रदेश में चिंता का माहौल है। उनका आरोप था कि विभिन्न राज्यों में अभियान के दौरान सामने आ रही समस्याओं के बावजूद निर्वाचन आयोग आवश्यक सुधार करने में सफल नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जबकि कई नोटिसों में त्रुटि या कारण का स्पष्ट उल्लेख तक नहीं किया गया है। आलोक शर्मा ने दावा किया कि उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भी नोटिस मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा के एक बूथ पर 800 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं। उनके अनुसार, दो माह तक चली पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद इस प्रकार के नोटिस जारी होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार जिले के कुछ क्षेत्रों में बीएलओ की सहमति के बिना मतदाता जोड़े जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। साथ ही उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा समर्थक नहीं माने जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि बिना किसी स्पष्ट त्रुटि का उल्लेख किए मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे लोग अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से मतदाताओं में असुरक्षा और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने भी मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए जाने पर बल दिया। पत्रकार वार्ता में नईम कुरैशी, फुरकान अली, विकास चंद्रा, अरशद, कैलाश प्रधान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












Leave a Reply