ट्रेन की सीट के नीचे लावारिस बोरियों से 372 लीटर महुआ शराब बरामद

Spread the love

ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, जीआरपी गया में बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज

पी. के. गुप्ता

गयाजी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया की टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए गया जंक्शन पर एक ट्रेन से 372 लीटर लावारिस महुआ देशी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 37,200 रुपये बताई गई है। मामले में राजकीय रेल थाना गया में बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस टीम एवं राजकीय रेल थाना गया की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त कर रही थी। टीम आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान 13553 आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची। ट्रेन की जांच के दौरान सीट के नीचे कुछ प्लास्टिक की बोरियां संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिलीं। सुरक्षाकर्मियों ने आसपास बैठे यात्रियों से बोरियों के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने उन पर अपना दावा नहीं किया। संदेह के आधार पर बोरियों की जांच की गई तो उनमें महुआ देशी शराब बरामद हुई। इसके बाद सभी बोरियों को प्लेटफॉर्म संख्या-1 के दिल्ली छोर स्थित पोल संख्या 470/01 के पास उतारकर विधिवत जांच की गई। जांच के दौरान कुल 62 सफेद पॉलीथिन बरामद हुईं, जिनमें करीब छह-छह लीटर महुआ देशी शराब भरी थी। इस प्रकार कुल 372 लीटर शराब बरामद की गई। इस संबंध में आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक एमके अकेला के शिकायत पत्र के आधार पर राजकीय रेल थाना गया में कांड संख्या 205/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मध्य निषेध अधिनियम की धारा 30(A) के तहत मामला दर्ज कर शराब को विधिवत जब्त कर लिया है। शराब को ट्रेन में कौन लेकर आया था, इसकी पहचान और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *