चमोली की नीती घाटी में तेज जलसैलाब ने मचाई तबाही, वैली ब्रिज बहा

Spread the love

तमक नाले में अचानक बढ़ा पानी, वाहन भी बहने की सूचना; BRO का ऑपरेटर लापता

एस. गुप्ता

चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी सीमांत नीती घाटी में आज शाम अचानक आए तेज जलसैलाब ने भारी तबाही मचा दी। ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में अचानक उफान आने से नाले पर बना एक वैली ब्रिज देखते ही देखते तेज बहाव में बह गया। घटना में एक वाहन के भी पानी के तेज बहाव में बहने की सूचना है। बताया जा रहा है कि तमक क्षेत्र में कुछ ही समय के अंतराल में कई बार तेज बारिश हुई। इसके बाद नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना विकराल हो गया कि वैली ब्रिज इसकी चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में पानी के साथ बह गया। तेज सैलाब के कारण क्षेत्र में वाहन और मशीनें भी फंसी नजर आईं।

BRO का ऑपरेटर लापता

घटना के बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना सामने आई है। प्रशासन के अनुसार, ऑपरेटर मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ नाले का जलस्तर बढ़ गया और वह मौके से लापता हो गया। उसके तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, ऑपरेटर की वास्तविक स्थिति राहत एवं बचाव दलों की खोजबीन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल पर अचानक आए सैलाब के कारण बड़ी मात्रा में पानी और मलबा फैल गया है।

नीती घाटी का सड़क संपर्क बाधित

वैली ब्रिज के बह जाने से नीती घाटी की ओर आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। सीमांत क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क भी बाधित होने की सूचना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मार्ग की स्थिति सामान्य होने और प्रशासन की ओर से अनुमति मिलने तक नीती घाटी की ओर अनावश्यक आवाजाही न करें।

SDRF-NDRF और राहत टीमें रवाना

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। SDRF, NDRF, आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल की ओर रवाना की गई हैं। टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद लापता BRO ऑपरेटर की तलाश के साथ ही घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। उधर, भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की भी सूचना है। पुलिस और प्रशासन की ओर से नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

भारी बारिश के बीच बढ़ी चिंता

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सीमांत चमोली की नीती घाटी में सामने आई इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से नदी और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचने तथा मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *