डाक कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 63.60 लाख शिवभक्त रवाना

Spread the love

कांवड़ मेले के 12वें दिन हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़े शिवभक्त, अब तक 4.43 करोड़ से अधिक श्रद्धालु कर चुके प्रस्थान

अमित कुमार

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के 12वें दिन सोमवार को हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। डाक कांवड़ यात्रा के बीच बड़ी संख्या में शिवभक्त हरकी पैड़ी और अन्य प्रमुख घाटों से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सोमवार को 63 लाख 60 हजार शिवभक्तों ने गंगाजल लेकर हरिद्वार से प्रस्थान किया। पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के मुताबिक कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों में अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।

व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। डाक कांवड़ के वाहनों और बढ़ते यातायात के बीच पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें भी व्यवस्थाओं को नियंत्रित करने में जुटी हैं।

श्रद्धालुओं से दिशा-निर्देशों के पालन की अपील

जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, सावधानी बरतने और सुरक्षित यात्रा में सहयोग करने की अपील की है। आस्था के इस महापर्व में हरिद्वार लगातार ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज रहा है और करोड़ों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *