सकुशल सम्पन्न हुई कांवड़ यात्रा-2026, 4.50 करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना
डीएम ने प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारियों और जनता का जताया आभार
अमित कुमार
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में आयोजित कांवड़ यात्रा-2026 सकुशल, निर्विघ्न एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हरकीपौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। विभिन्न विभागों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों के बेहतर समन्वय से लगभग 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।उन्होंने कांवड़ यात्रा में ड्यूटी पर तैनात जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने दिन-रात पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
पुलिस और सुरक्षा बलों की भूमिका सराहनीय
डीएम ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन के बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती थी, जिसे पुलिस ने बेहतर समन्वय और तत्परता से पूरा किया। पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी सजगता और धैर्य के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। वहीं, जल पुलिस ने गंगा घाटों एवं नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दो लाख से अधिक शिवभक्तों को मिला निशुल्क उपचार
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सेवाओं की भी सराहना की। कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों एवं अन्य स्थानों पर 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क इलाज किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
मीडिया, पर्यावरण मित्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी सराहा
डीएम ने मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यातायात, सुरक्षा और प्रशासन से जुड़ी आवश्यक सूचनाओं एवं एडवाइजरी को कांवड़ियों और आमजन तक पहुंचाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कर्मियों की भी विशेष प्रशंसा की। करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद कांवड़ मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सफाई कर्मियों ने दिन-रात मेहनत की। जिलाधिकारी ने स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग की भी सराहना की। इन संस्थाओं ने कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, जल, चिकित्सा और विश्राम सहित विभिन्न सेवाओं में सहयोग किया।
हरिद्वार की जनता और व्यापारियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण
डीएम ने स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों के धैर्य, संयम और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारियों, मीडिया और आम जनता के सामूहिक सहयोग एवं समन्वय का परिणाम है।
गंगा पूजन के बाद अधिकारियों का सम्मान
कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न होने के बाद हरकीपौड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के पश्चात श्री गंगा सभा के अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम एवं अन्य पदाधिकारियों ने डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी महाराज ने भी दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply