रानीगंज में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, कैडेटों ने दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश

Spread the love

तिरंगे के सम्मान में निकली एनसीसी कैडेटों की भव्य तिरंगा यात्रा

पी. के. गुप्ता

गयाजी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को +2 पब्लिक हाई स्कूल, रानीगंज के एनसीसी कैडेटों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र के निर्देशन में आयोजित यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर रानीगंज बस स्टैंड तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से आगे बढ़ रहे एनसीसी कैडेटों ने लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। यात्रा के दौरान कैडेटों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान एनसीसी कैडेटों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। इससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। कैडेटों ने तिरंगे के सम्मान और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। विद्यालय की प्राचार्य अनिता कुमारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कैडेटों के उत्साह और अनुशासन की सराहना की। इस अवसर पर 6 बिहार बटालियन एनसीसी के हवलदार आलोक कुमार, सीटी कमलेश कुमार सहित विद्यालय के एनसीसी कैडेट एवं अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *