15 किलोमीटर तक गूंजा देशभक्ति का संदेश, जवानों के साथ स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
पी. के. गुप्ता
नरकटियागंज। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। ‘ई’ समवाय मंगुराहा, बाह्य सीमा चौकी पिरारी एवं बाह्य सीमा चौकी जम्हौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन एवं सहायक कमांडेंट परिमल मंडल के नेतृत्व में निकाली गई। रैली का उद्देश्य ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना था। साइकिल तिरंगा रैली गौनाहा बाजार से सरफरवा, जम्हौली से हरकटवा तथा मंडीहा से बखरी चौक तक करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए निकली। रैली में सशस्त्र सीमा बल के जवानों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में ज्ञान सागर कोचिंग सेंटर के प्रधानाध्यापक विजय कुमार, निरीक्षक सामान्य संजीव कुमार वर्मा, उप निरीक्षक सामान्य एम. चौबा सिंह सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए। सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।












Leave a Reply