स्कूलों में सामूहिक गायन से गूंजा राष्ट्रगीत, करीब 400 लोगों ने लिया हिस्सा
पी. के. गुप्ता
नरकटियागंज। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज की ओर से तीसरे चरण के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन एवं उप कमांडेंट ज्ञानेन्द्र कुमार की उपस्थिति में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, रेलवे प्रवेशिका प्लस-टू स्कूल एवं प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की गौरवशाली विरासत और उसमें निहित राष्ट्रप्रेम देशवासियों को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ने तथा नए भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान 44वीं वाहिनी मुख्यालय के साथ सभी सीमा चौकियों पर भी अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन किया। राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ को राष्ट्रव्यापी जन-उत्सव के रूप में मनाते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में 44वीं वाहिनी के निरीक्षक सामान्य जय प्रकाश कुमार, सहायक उप निरीक्षक प्रमजीत सिंह, मुख्य आरक्षी सामान्य विजय कुमार सिंह, रेलवे प्रवेशिका प्लस-टू स्कूल के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार यादव सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। वहीं प्राइड इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक अवधेश कुमार दुबे, प्रधानाध्यापक राहुल निशांत, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, अधीनस्थ अधिकारी एवं बालकर्मियों सहित करीब 400 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर ‘वंदे मातरम्’ के स्वर से गूंज उठा। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरवशाली विरासत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन ने विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।












Leave a Reply