जगजीवन कॉलेज में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव के महत्व की दी जानकारी

Spread the love

पी. के. गुप्ता

गयाजी। जगजीवन कॉलेज के भूगोल एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों विभागों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. अंकना एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रतिकांत दास ने संयुक्त रूप से की। भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. अंकना ने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भूगोल, भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस), दूरसंवेदी तकनीक, पर्यावरण प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, नगरीय नियोजन एवं शोध जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप से विद्यार्थियों के कौशल, आत्मविश्वास और रोजगार की तैयारी को मजबूती मिलती है। डॉ. सत्येन्द्र सिंह चन्द्र ने कहा कि वर्तमान समय में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने इंटर्नशिप के दौरान गंभीरता और अनुशासन के साथ कार्य करने तथा प्राप्त अनुभव का उपयोग उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में करने के लिए प्रेरित किया। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रतिकांत दास, सहायक प्राध्यापक डॉ. ऐजाज़ अहमद, डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा, डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. प्रियंका कुमारी प्रसाद ने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के अध्ययन के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाती है। इसके माध्यम से विद्यार्थी समाज और जीवन की वास्तविक परिस्थितियों को समझने के साथ-साथ टीमवर्क और समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कौशल भी विकसित करते हैं। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि महाविद्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने और उनमें सोचने-समझने की क्षमता विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इंटर्नशिप कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों की गंभीरता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाते हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि आज मानविकी विभाग की ओर से भी इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रो. पूर्णेंदु कुमार, डॉ. अनुरानी, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. निरुपमा कुमारी, डॉ. नारायण कुमार, डॉ. शोभा सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *