47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय से निकली तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर

Spread the love

हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश

पी. के. गुप्ता

गयाजी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सीआरपीएफ कमांडेंट अवधेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में जवान पूरे उत्साह और जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। यात्रा को रवाना करते हुए कमांडेंट अवधेश कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सीआरपीएफ के जवानों के साथ आम नागरिकों से भी हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा सीआरपीएफ मुख्यालय से रवाना होकर रामपुर, सिकड़िया मोड़, पांच नंबर गेट, पुलिस लाइन सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मुख्यालय पहुंची। यात्रा के दौरान जवानों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के प्रति जागरूक किया। मार्ग में लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी केके सिंह, एके सिंह, डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार, पंकज कुमार, अभय सिंह भाटी सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *