तरूण हिमालय इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न, ‘मिनी भारत’ की झलक ने मोहा मन

Spread the love

वीरों, प्रतिभाशाली कैडेट्स और समाजसेवियों का हुआ सम्मान

अमित कुमार

हरिद्वार। शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भव्य समारोह में विद्यालय परिसर में भारत की विविध संस्कृति और एकता की अनूठी झलक देखने को मिली। विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा परिसर ‘मिनी भारत’ के रूप में नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। 31वीं वाहिनी एनसीसी के गर्ल्स एवं बॉयज प्लाटून के कैडेट्स ने अनुशासित एवं शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।   पीटी एवं परेड के बाद विद्यार्थियों ने उत्तराखंड, राजस्थान सहित दक्षिण भारत की विविध संस्कृतियों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

देश के वीरों के बलिदान को किया याद

मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के उन महान बलिदानियों को याद करने का अवसर है, जिनके त्याग और संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। शिक्षण संस्थान देश के भविष्य का निर्माण करते हैं। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भारत की ‘विविधता में एकता’ की भावना को प्रदर्शित करती हैं।  उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत ने कहा कि संस्था का उद्देश्य शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और कड़ी मेहनत सफलता की कुंजी हैं तथा तरूण हिमालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानाचार्य त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने स्वतंत्रता आंदोलन में उत्तराखंड के योगदान और क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद किया। उन्होंने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

प्रतिभाशाली कैडेट्स और समाजसेवी सम्मानित

समारोह में एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स मुस्कान, भूमि, अनुष्का, साहिल, निमेश भोज और सिद्धार्थ को सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जगत सिंह रावत, शीर्षराम शर्मा, कालिका प्रसाद काला, सतीश जोशी, हरिनारायण जोशी, जसवंत सिंह बिष्ट, दिनेश जोशी, नारायण सिंह रावत और गुंसाई को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद निशा नौडियाल, ललित रावत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन और सम्मान समारोह ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक सेवा और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *