अमित कुमार
लखनऊ। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रनिर्माण, भारतीय संस्कृति, साहित्य संरक्षण एवं संवर्धन समेत विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। भेंट के दौरान डॉ. निशंक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष झांसी के चिरगांव स्थित राष्ट्रकवि एवं पद्मभूषण मैथिलीशरण गुप्त के पैतृक आवास को ‘राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त संग्रहालय’ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए संग्रहालय के विकास के लिए ₹4 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की। डॉ. निशंक ने कहा कि राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त का साहित्य भारतीय संस्कृति, राष्ट्रचेतना और देशभक्ति का सशक्त स्वर रहा है। उनके पैतृक आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित किए जाने से उनकी साहित्यिक विरासत और राष्ट्रभक्ति की चेतना को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। यह पहल साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रभावना के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के लिए दिया आमंत्रण
भेंट के दौरान डॉ. निशंक ने देहरादून के थानो स्थित भारत के पहले ‘लेखक गाँव’ में आयोजित होने वाले ‘लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026’ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए लेखक गाँव आने का आश्वासन दिया। डॉ. निशंक ने लेखक गाँव में हिमालय संग्रहालय की स्थापना सहित साहित्य और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के पैतृक आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।












Leave a Reply