मंडावर से दिखेगी देवभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक झलक
अमित कुमार
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उत्तर प्रदेश की सीमा पर मंडावर-छुटमलपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भव्य स्वागत द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। समुद्र मंथन की पौराणिक कथा और कुंभ की आध्यात्मिक परंपरा को केंद्र में रखकर तैयार किया जा रहा यह स्वागत द्वार श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश बिंदु के साथ-साथ देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का आकर्षक परिचय भी बनेगा। मेला प्रशासन की ओर से निर्मित कराए जा रहे इस स्वागत द्वार के लिए राज्य सरकार ने 204.19 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। करीब साढ़े छह मीटर ऊंचे इस प्रवेश द्वार को कुंभ नगरी हरिद्वार की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भव्य स्वागत स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके वास्तुशिल्प और सज्जा में कुंभ की धार्मिक महत्ता के साथ उत्तराखंड की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाई देगी।
समुद्र मंथन से जुड़ी होगी कुंभ की कथा
समुद्र मंथन भारतीय पौराणिक परंपरा में कुंभ पर्व की अवधारणा से गहराई से जुड़ा हुआ है। मान्यता के अनुसार समुद्र मंथन से अमृत कलश की प्राप्ति हुई थी और इसी अमृत कलश से कुंभ पर्व की धार्मिक परंपरा का संबंध माना जाता है। ऐसे में समुद्र मंथन की थीम पर तैयार किया जा रहा स्वागत द्वार श्रद्धालुओं को कुंभ की आध्यात्मिक यात्रा से जोड़ने के साथ हरिद्वार की धार्मिक विरासत का प्रतीक बनेगा।
कई राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं का होगा स्वागत
मंडावर-छुटमलपुर मार्ग उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख मार्गों में शामिल है। ऐसे में इस मार्ग से प्रवेश करने वाले लाखों श्रद्धालुओं को कुंभ नगरी की पहली भव्य झलक इसी स्वागत द्वार के माध्यम से मिलेगी। प्रवेश द्वार के आसपास के क्षेत्र का भी आवश्यक सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को कुंभ क्षेत्र में प्रवेश करते ही धार्मिक, सांस्कृतिक और उत्सवपूर्ण वातावरण का अनुभव हो सके।
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण
स्वागत द्वार का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा है। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच मंडावर में आकार ले रहा यह भव्य स्वागत द्वार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है। समुद्र मंथन की पौराणिक गाथा पर आधारित इसकी थीम कुंभ की आध्यात्मिक परंपरा, हरिद्वार की धार्मिक महत्ता और देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भव्य झलक प्रस्तुत करेगी।












Leave a Reply