आरपीएफ का विशेष चेकिंग अभियान, यात्रियों को किया जागरूक

Spread the love

श्रावणी मेले को लेकर स्टेशन पर बढ़ाई सतर्कता, संदिग्ध वस्तु मिलने पर 139 पर सूचना देने की अपील

पी. के. गुप्ता

गयाजी। श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों और कांवरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गया रेलवे स्टेशन परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया की ओर से विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ गया संजय कुमार सिंह ने किया। इस दौरान आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव सहित अधिकारी और जवान मौजूद रहे। अभियान के तहत गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1/सी पर 13023/13024 हावड़ा-गया एक्सप्रेस के आगमन एवं प्रस्थान के समय यात्रियों और कांवरियों को लाउड हेलर के माध्यम से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। आरपीएफ जवानों ने यात्रियों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के लिए जागरूक किया। इसके बाद ट्रेन को सुरक्षित गया स्टेशन से रवाना कराया गया।

अनजान लोगों से खाने-पीने की सामग्री नहीं लेने की अपील

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की सामग्री स्वीकार न करें। साथ ही ट्रेन में गैस सिलेंडर, स्टोव, केरोसिन तेल अथवा अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने या उसके आसपास भीड़ लगाने के बजाय तत्काल रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें।

एसी कोच में अनधिकृत यात्रा पर कार्रवाई

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एसी कोच में यात्रा कर रहे कुछ कांवरियों को वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ के सहयोग से एसी कोच से बाहर कराया गया। यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई। आरपीएफ ने यात्रियों से ट्रेन के गेट अथवा पायदान पर यात्रा नहीं करने और चलती ट्रेन में अनावश्यक चेन पुलिंग से बचने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण चेन पुलिंग करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। आरपीएफ ने श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने, सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में रेलवे की हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *