राष्ट्रसेवा, साहस और त्याग के प्रतीक नेताजी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Spread the love

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

पी. के. गुप्ता

गया जी। कालीबाड़ी स्थित किसान मोर्चा कार्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 81वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके राष्ट्रभक्ति, साहस, त्याग और संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से परिसर गूंज उठा।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सह मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि नेताजी केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि भारतीय युवाओं के लिए साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं और प्रतिष्ठित करियर का त्याग कर देश की स्वतंत्रता को अपना जीवन लक्ष्य बनाया। उन्होंने कहा कि नेताजी का प्रसिद्ध आह्वान ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ आज भी देशवासियों में देशभक्ति, साहस और बलिदान की भावना पैदा करता है। नेताजी का जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। कार्यकारी अध्यक्ष राणा रंजीत सिंह ने कहा कि नेताजी का जीवन यह संदेश देता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति के बल पर चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। आज के दौर में नेताजी का विचार ‘राष्ट्र पहले, स्वयं बाद में’ और भी अधिक प्रासंगिक है। इस अवसर पर संतोष ठाकुर, सुनील बम्बईया, दीपक पाण्डेय, गोपाल यादव, राजीव सिन्हा, कमल बारिक, कमल सिन्हा, महेश यादव, बब्लू गुप्ता, मंटू कुमार, सुनील रविदास, राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *