हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो और कराटे में खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल
अमित कुमार
हरिद्वार। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना 2026-27 के अंतर्गत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो एवं कराटे की विभिन्न स्पर्धाओं के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार ने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इन ट्रायल में चार आयु वर्गों—14 से 17 वर्ष, 17 से 19 वर्ष, 19 से 21 वर्ष तथा 21 से 23 वर्ष—के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विकासखंड, नगर निगम एवं नगर पालिका स्तर से चयनित खिलाड़ियों में पांच खेल विधाओं के कुल 116 खिलाड़ी शामिल रहे। इनमें 77 बालक और 39 बालिकाएं थीं।
बैट्री टेस्ट के साथ परखी गई खेल दक्षता
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, खेल कौशल एवं दक्षता का परीक्षण किया गया। बैट्री टेस्ट में 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, 6×10 शटल रन, मेडिसिन बॉल थ्रो तथा 800 मीटर दौड़ शामिल रही।
इसके साथ ही संबंधित खेल एवं स्पर्धा-विशिष्ट कौशल के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया। मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग में प्रत्येक खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को सरकार की ओर से ₹2,000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त खेल उपकरणों की खरीद के लिए वर्ष में ₹10,000 की एकमुश्त धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी।
कल पांच खेलों में होंगे चयन ट्रायल
जनपद स्तरीय चयन प्रक्रिया के द्वितीय दिवस 21 अगस्त 2026 को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में प्रातः 8 बजे से बास्केटबॉल, ताईक्वांडो, फुटबॉल, टेबल-टेनिस एवं वॉलीबॉल के चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला खेल विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। योजना से खिलाड़ियों को आर्थिक प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उनकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।












Leave a Reply