चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का हुआ भव्य शुभारंभ

Spread the love

केंद्र व छह राज्यों के विभागों और कंपनियों ने लगाए स्टॉल, पहले दिन ही उमड़ी लोगों और कारोबारियों की भीड़

अमित कुमार

हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में भारती मीडिया एंड इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का आज भव्य शुभारंभ हुआ। वाइब्रेंट उत्तराखंड के अंतर्गत आयोजित इस एक्सपो के पहले ही दिन लोगों, व्यापारियों, युवाओं और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।एक्सपो का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई), कृषि क्षेत्र तथा नए उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों, बाजार की संभावनाओं और नए व्यापारिक अवसरों की जानकारी मिल सके। एक्सपो में केंद्र सरकार के साथ करीब छह राज्यों के विभिन्न विभागों एवं कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ सिक्किम, तेलंगाना, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से आए कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आयुर्वेदिक, हर्बल, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा प्रोडक्ट्स, हस्तशिल्प, कृषि एवं हॉर्टिकल्चर से जुड़े उत्पादों के अलावा कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड से संबंधित स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पत्रकारों से वार्ता करते हुए सिडकुल निर्माता संघ के सचिव एवं भारती मीडिया एंड इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि विवेक चौहान ने कहा कि हिमालयन एमएसएमई एक्सपो उत्तराखंड के स्थानीय व्यापारियों, युवाओं और नए उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने बताया कि एक्सपो में विभिन्न राज्यों के विभागों और कंपनियों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और व्यापारिक नेटवर्क मजबूत करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि एक्सपो के दौरान एमएसएमई ग्रोथ, स्टार्टअप, आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं पर विशेष सत्र, सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही हैं।  इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और नए उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने तथा उसे आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। सिक्किम सरकार के हॉर्टिकल्चर विभाग की अधिकारी श्रुति सेफई ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे मंच से राज्यों के ऑर्गेनिक एवं हॉर्टिकल्चर उत्पादों को देशभर के बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है। इस तरह के आयोजनों से विभिन्न राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होते हैं तथा किसानों और उद्यमियों को नए बाजार उपलब्ध होते हैं। वहीं स्थानीय व्यापारी एवं गुड लिविंग ऑर्गेनिक के निदेशक विकास कुमार ने कहा कि इस प्रकार के एक्सपो से स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, नेटवर्किंग और पब्लिसिटी को बढ़ावा मिलता है। हरिद्वार में इतने बड़े स्तर पर एमएसएमई एक्सपो आयोजित होने से स्थानीय छोटे-बड़े व्यापारियों को दूसरे राज्यों के व्यापारिक नेटवर्क से जुड़ने का सीधा अवसर मिल रहा है। क्रॉसविंड सॉल्यूशंस-ड्रोन व टेक के रोहन शर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य युवाओं और छात्रों को आधुनिक ड्रोन टेक्नोलॉजी, यूएवी और रोबोटिक्स से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन छात्रों ने आधुनिक तकनीकों को समझने में काफी रुचि दिखाई। इससे भविष्य में ड्रोन एवं रोबोटिक्स के क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, एक्सपो के आगामी दिनों में विशेषज्ञों द्वारा एमएसएमई, स्टार्टअप, कृषि, हॉर्टिकल्चर और आधुनिक तकनीकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी। एक्सपो स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ-साथ युवाओं और नए उद्यमियों को नई संभावनाओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच बनता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *