संत समाज का मार्गदर्शन धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा : मुख्यमंत्री

Spread the love

धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और रोपवे परियोजनाओं से सुगम होगी तीर्थयात्रा, देवभूमि की पवित्रता व मूल स्वरूप बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता

अमित कुमार

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत समाज ने सदैव धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के साथ समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संतों और आचार्यों का मार्गदर्शन समाज को धर्म, संस्कृति, सेवा और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री श्री ब्रह्म निवास आश्रम, सप्तसरोवर रोड, भूपतवाला में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सतगुरु लाल दास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान को स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज ने अपने जीवन में आध्यात्मिकता को प्राथमिकता देते हुए समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया और समाज को जोड़ने का कार्य किया। उनकी वाणी में अद्भुत शक्ति और दृष्टि में भगवान बुद्ध जैसी करुणा थी। उन्होंने जीवनभर यही संदेश दिया कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल

मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य और सतगुरु की कृपा प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। भारत की महान संस्कृति हमें सिखाती है कि कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, समाज के निर्माण और विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में सनातन धार्मिक संस्कृति के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल चल रहा है।

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर, काशी कॉरिडोर और उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त केदारनाथ धाम का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से पुनर्निर्माण किया गया। मंदिर माला मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न मंदिरों के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।

रोपवे परियोजनाओं से दुर्गम तीर्थों तक आसान होगी पहुंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। रोपवे के निर्माण से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले दुर्गम तीर्थस्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। विशेष रूप से बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर और आस्था पथ के साथ शारदा एवं यमुना तटों के विकास से जुड़े कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

देवभूमि का मूल स्वरूप और पवित्रता सुरक्षित रखना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि का मूल स्वरूप, पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है।

सरकार का प्रयास है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण तथा देवभूमि की संस्कृति एवं सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

धर्म, ज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है, जहां धर्म एवं संस्कृति के साथ ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में अध्ययन, शोध और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार की धरती से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इसी दिशा में धर्म, विकास, नवाचार और ज्ञान के क्षेत्र में प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है।

57 वर्षों से निरंतर सेवा कार्य

इस अवसर पर श्री सतगुरु चेतनानंद जी भूरी वाले ने बताया कि संस्था द्वारा पिछले 57 वर्षों से निरंतर अखंड भोजन कराया जा रहा है और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में ऐसे नियम एवं कानून लागू किए गए हैं, जिनका देश के अन्य राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, ओमप्रकाश जमदग्नि, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, आशु चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह सहित साधु-संत एवं विभिन्न प्रदेशों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *