मुलतान जोत महोत्सव कल: हरकी पैड़ी पर गंगा से खेली जाएगी दूध की होली

Spread the love

देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु, भव्य जुलूस के साथ हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा को अर्पित करेंगे जोत

अमित कुमार

हरिद्वार। अखिल भारतीय मुलतान संगठन की ओर से मुलतान जोत महोत्सव का आयोजन रविवार को हरिद्वार में किया जाएगा। महोत्सव में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रद्धालु भव्य जुलूस के रूप में हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा से दूध की होली खेलेंगे और जोत प्रवाहित करेंगे। प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए अखिल भारतीय मुलतान संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागपाल ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरण द्वार सजाए गए हैं। इसके साथ ही जगह-जगह सुंदरकांड पाठ, हवन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु भव्य जुलूस में शामिल होकर हरकी पैड़ी पहुंचेंगे। यहां मां गंगा की पूजा-अर्चना के बाद दूध की होली खेली जाएगी और विधिवत रूप से जोत अर्पित की जाएगी।

कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल

डॉ. महेंद्र नागपाल ने बताया कि मुलतान जोत महोत्सव में असम के पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी, भाजपा महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ तथा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अनेक विशिष्ट अतिथि एवं गणमान्य लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। पत्रकार वार्ता में ओमप्रकाश अरोड़ा, रतनदेव चावला, सतपाल अरोड़ा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *