दस दिवसीय कैंप में कैडेटों को मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास का पाठ
पी के गुप्ता
गयाजी। युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 6 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से गया कॉलेज, गयाजी परिसर में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का शुभारंभ आज हुआ। दस दिवसीय यह शिविर 27 अगस्त से 5 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में गया सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए एनसीसी कैडेट उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन 6 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र ने किया। इस दौरान उन्होंने कैडेटों को प्रशिक्षण का महत्व बताते हुए अनुशासन और समर्पण के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
ड्रिल से लेकर हथियार प्रशिक्षण तक
दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को सैन्य गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग, फील्ड क्राफ्ट और शारीरिक प्रशिक्षण प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही कैडेटों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों में अनुशासन, समय प्रबंधन और टीम भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
युवाओं में जगेगा राष्ट्रसेवा का जज्बा
शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, साहस तथा राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेटों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य एवं टीम भावना के साथ कार्य करने की सीख दी जा रही है। एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर कैडेटों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सैन्य गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व के गुणों का विकास कैडेटों को भविष्य में बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।












Leave a Reply