कैंप फायर की रोशनी में गूंजा जज्बा, प्रशिक्षण के बाद विदा हुए एनसीसी कैडेट

Spread the love

दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन, सैन्य प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

पी के गुप्ता

गयाजी। 27 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन कैंप फायर के साथ हुआ। कैंप फायर की रोशनी में कैडेटों ने उत्साह और जोश के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान प्रशिक्षण की यादों और विदाई के भावुक क्षणों ने माहौल को भावनात्मक बना दिया। समापन समारोह में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल भूपेश पठानिया ने कहा कि शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं से रूबरू कराया गया। उन्हें ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट सहित विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करना है।

पहले झिझक थी, अब विदाई की कसक

शिविर के समापन पर कैडेटों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला प्रशिक्षण शिविर था। शुरुआत में मन में कई तरह के सवाल और झिझक थी, लेकिन कुछ ही दिनों में शिविर का माहौल अपना-सा लगने लगा। कैडेटों ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें अनुशासन और सैन्य गतिविधियों की जानकारी तो मिली ही, साथ ही साथियों और प्रशिक्षकों से मिले सहयोग के कारण उन्हें घर जैसा वातावरण महसूस हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कैंप फायर ने प्रशिक्षण की कठिन दिनचर्या के बीच मनोरंजन और उत्साह का माहौल बनाया।

कैंप फायर ने बढ़ाया उत्साह

समापन की शाम कैंप फायर के दौरान कैडेटों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैडेटों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। कैंप फायर के साथ ही दस दिनों की मेहनत, प्रशिक्षण और साथ बिताए पलों की यादें कैडेटों के साथ रह गईं। कार्यक्रम में सूबेदार मेजर सरदारी लाल, ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा, एनसीसी पदाधिकारी एएनओ पमपम कुमारी, मिथलेश कुमार, सुनील कुमार, संतोष झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *