देवभूमि का माहौल खराब करने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी: सुनील सैनी

Spread the love

डेमोग्राफी बदलाव पर चुप नहीं रहेंगे, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

अमित कुमार 

रुद्रपुर। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि धर्मरक्षक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुरक्षित और विकसित राज्य के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कथित तौर पर धमकी दिए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। सुनील सैनी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ होने वाली किसी भी साजिश को मजबूती से समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे सभी प्रयासों का वह समर्थन करते हैं। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने अथवा भड़काऊ बयानबाजी के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि डेमोग्राफी में बदलाव के मुद्दे पर अब चुप रहने का समय चला गया है। उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अब तक लगभग 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। राज्य मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, देवभूमि के मूल स्वरूप और सामाजिक ताने-बाने को सुरक्षित रखने के लिए धामी सरकार ने कई कड़े और महत्वपूर्ण कानून एवं नीतियां लागू की हैं। इनमें सख्त भू-कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और धर्मांतरण विरोधी कानून प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था की रक्षा करते हुए राज्य को सुरक्षित एवं विकसित बनाना है। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में सभी वर्गों से सहयोग की अपील की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *