पी के गुप्त
गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में एनसीसी कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार के मार्गदर्शन में कैडेट्स पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेट्स को परेड, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट का प्रशिक्षण दिया गया। फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट के तहत कैडेट्स को फायर एंड मूव, फायर कंट्रोल ऑर्डर्स तथा सेक्शन बैटलफील्ड जैसी सैन्य गतिविधियों से परिचित कराया गया। अभ्यास के दौरान कैडेट्स ने टीम भावना, आपसी समन्वय, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने बताया कि फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स में कठिन परिस्थितियों में धैर्य, सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की क्षमता विकसित करना है।
विभिन्न अभ्यासों में कैडेट्स ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित करना है। ऐसे प्रशिक्षण से कैडेट्स में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने का साहस तथा टीम के साथ मिलकर कार्य करने की क्षमता विकसित होती है।उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाने और सभी गतिविधियों में पूरी लगन, अनुशासन एवं समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया।












Leave a Reply