भारी बारिश के अलर्ट पर हरिद्वार में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

Spread the love

डीएम मयूर दीक्षित ने जारी किए आदेश, आदेश की अवहेलना पर होगी सख्त कार्रवाई

अमित कुमार

हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद हरिद्वार में 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। मौसम विभाग ने 5 सितंबर को हरिद्वार जनपद में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। साथ ही वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका

जिलाधिकारी ने मौसम विभाग की चेतावनी तथा लगातार बारिश के कारण नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावित स्थिति को देखते हुए छात्रहित एवं बालहित में यह निर्णय लिया है।  आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) में प्रदत्त शक्तियों के तहत जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 5 सितंबर को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसील अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित विभाग आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए अभिभावकों और आमजन से भी सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *