जल संरक्षण को मिलेगी नई रफ्तार, 63 रिचार्ज शाफ्ट और छह तालाबों को मंजूरी

Spread the love

SARRA समिति ने 449.51 लाख की विकासखंडीय कार्ययोजनाओं पर लगाई मुहर, भूजल संरक्षण पर रहेगा विशेष जोर

अमित कुमार

हरिद्वार। जिले में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के कार्यों को अब नई गति मिलेगी। राज्य सरकार के जल संरक्षण अभियान के तहत स्प्रिंग एवं रिवर रेजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (DLEC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न कार्ययोजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी दी है। इनमें 63 रिचार्ज शाफ्ट, छह तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार तथा वृक्षारोपण जैसे कार्य प्रमुख हैं। विकास भवन सभागार में आयोजित समिति की बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी एवं SARRA की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के उपाध्यक्ष डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की। बैठक में विभिन्न विकासखंडों की ओर से जल संरक्षण से संबंधित कार्ययोजनाएं प्रस्तुत की गई

विकासखंडों की 449.51 लाख की योजनाएं स्वीकृत

बैठक में भगवानपुर विकासखंड ने 181.65 लाख रुपये, बहादराबाद ने 95.08 लाख, लक्सर ने 36.98 लाख, रुड़की ने 70.65 लाख और नारसन ने 65.15 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इन योजनाओं में तालाब निर्माण एवं पुनरोद्धार, रिचार्ज पिट निर्माण और वृक्षारोपण सहित जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य शामिल हैं। समिति ने विकासखंडों की कुल 449.51 लाख रुपये की कार्ययोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की।

331.15 लाख से बनेंगे 63 रिचार्ज शाफ्ट

भूजल संरक्षण को लेकर लघु सिंचाई विभाग ने भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। विभाग की ओर से 63 रिचार्ज शाफ्ट के निर्माण के लिए 331.15 लाख रुपये तथा छह तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार के लिए 197.40 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। समिति ने इन प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी।

‘एक जनपद, एक नदी’ पर भी फोकस

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को ‘एक जनपद, एक नदी’ अभियान के तहत पथरी रौ से संबंधित कार्ययोजना जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि जिले में जल स्रोतों के संरक्षण के साथ भूजल स्तर को मजबूत किया जा सके। बैठक में SARRA के सदस्य सचिव/नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई खंड हरिद्वार भरत राम सहित संबंधित रेखीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *