250 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, छह चरणों में देशभर में होंगी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं
अमित कुमार
हरिद्वार। भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 इस बार और व्यापक स्वरूप में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में पहली बार शतरंज और अंडर-14 आयु वर्ग को शामिल किया गया है। बीएसबी से मान्यता प्राप्त देशभर के 250 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सितंबर से अक्टूबर तक देश के विभिन्न राज्यों में होने वाली प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल, रेसलिंग, एथलेटिक्स, योग, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, शतरंज और खो-खो समेत कई खेल शामिल होंगे। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर भारतीय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय हरिद्वार में विभिन्न खेलों के समन्वयकों एवं पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बीएसबी के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर स्वामी पुण्यदेव ने की। इसमें विभिन्न खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों की भागीदारी, आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं और प्रतियोगिताओं को सुचारु एवं सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की ग
शतरंज को पहली बार मिला राष्ट्रीय मंच
द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की सबसे खास उपलब्धि इस वर्ष शतरंज को पहली बार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल किया जाना है। शतरंज प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही इस वर्ष अंडर-14 वर्ग को भी पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता का हिस्सा बनाया गया है। पिछले वर्ष प्रतियोगिताएं केवल अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित हुई थीं।
छह चरणों में होंगे मुकाबले
राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की शुरुआत 14-15 सितंबर 2026 को आचार्यकुलम्, हरिद्वार से होगी। यहां कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल और रेसलिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद विभिन्न खेलों के मुकाबले निर्धारित तिथियों पर देश के अलग-अलग विद्यालयों में होंगे।
प्रतियोगिता का कार्यक्रम इस प्रकार है—
– 14-15 सितंबर 2026: आचार्यकुलम्, हरिद्वार—कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल एवं रेसलिंग
– 19-20 सितंबर 2026: कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, वाराणसी—एथलेटिक्स
– 26-27 सितंबर 2026: ब्लू बेल स्कूल, प्रयागराज—योग
– 3-4 अक्टूबर 2026: सनराइज पब्लिक स्कूल, बुलंदशहर—वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल
– 10-11 अक्टूबर 2026: एसआर कैपिटल पब्लिक स्कूल, दिल्ली—शतरंज
– 24-25 अक्टूबर 2026: बीएस इंटरनेशनल स्कूल, हापुड़—खो-खो और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का समापन
शैक्षिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं पर भी जोर
बीएसबी विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं बहुआयामी व्यक्तित्व विकास के लिए खेलों के साथ शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की तैयारी में है। भविष्य में श्रीमद्भगवद्गीता स्मरण, निबंध, सामान्य ज्ञान (जीके), चित्रकला और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं देशभर में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।बैठक में पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी प्रतियोगिताओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया। प्रतियोगिता की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि बीएसबी की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।बैठक में सत्येंद्र सिंह, वंदना, कुसुम रावत, स्वाती यादव, संजीव, अमित दानी सहित खेल समन्वयक टीम के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply